पुलिस भर्ती में हेराफेरी कर युवक बना सिपाही गिरफ्तार

Share:

प्रयागराज। पुलिस भर्ती में हेराफेरी कर फॉलोअर की जगह सिपाही के पद पर चयन पाने का आरोपी राकेश कुमार गिरफ्तार कर लिया गया। 10 दिन पहले उसके खिलाफ कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब मामले में नामजद दूसरे आरोपी भर्ती लिपिक विजय केसरी की तलाश में जुटी है जो फरार चल रहा है। 
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दो भर्ती लिपिक की मदद से यह फर्जीवाड़ा किया। इनमें से एक पुलिस लाइन में नियुक्त विजय केसरी और दूसरा जीआरपी का लिपिक था। जीआरपी में तैनात भर्ती लिपिक की मृत्यु हो चुकी है और विजय फरार चल रहा है जो वर्तमान में निलंबित भी है। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश की जा रही है। 
आरटीसी प्रभारी ने 10 दिन पहले लिखाई थी रिपोर्ट: पुलिस लाइन स्थित आरटीसी प्रभारी श्रवण कुमार पांडेय की ओर से 10 दिन पहले मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसमें बताया गया था कि रिक्रूूट आरक्षियों के आधारभूत प्रशिक्षण के दौरान नाप-जोख में चौंकाने वाला मामला सामने आया। इसमें आरक्षी राकेश कुमार की लंबाई आरक्षी पद के मानक से कम मिली। पत्रावलियों को देखने पर पाया गया कि पत्रावलियों में कई जगहों पर चतुर्थ श्रेणी पदनाम को काटकर आरक्षी किया गया है। यही नहीं कई दस्तावेज गायब मिले हैं। साथ ही पुलिस अधीक्षक रेलवे की ओर से भेजे गए पत्र के अनुसार उपरोक्त को मृतक आश्रित सेवा नियमावली के अनुसार चतुर्थ श्रेणी के पद सेवायोजन किया जाना था। आरोप यह भी है कि पत्रावली में तथ्यों को छिपाकर व दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर भर्ती लिपिक विजय केसरी की ओर से भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है। कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।


Share: