चौथी रिपोर्ट पॉजिटिव आने से घबराईं सिंगर कनिका कपूर

कोरोनावायरस संक्रमण को लेकर सिंगर कनिका कपूर का लखनऊ के एसजीपीजीआई में इलाज चल रहा है।COVID-19 से पीड़ित मरीज का हर 48 घंटे में जांच के लिए सैंपल लिया जाता है। कनिका कपूर जबसे पीजीआई में भर्ती हुई हैं, तब से अब तक चार बार हुई जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पीजीआई के डॉक्टर्स का कहना है कि कोरोना की जांच के दौरान कनिका कपूर में हाई-लोड पाया जा रहा है। कनिका कपूर के स्वास्थ्य में बहुत ज्यादा सुधार भी नहीं देखा जा रहा है। हालांकि, उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। रविवार को आई रिपोर्ट में भी हाई-लोड की पुष्टि होने के बाद कनिका कपूर घबराई हुई और बेचैन दिखीं। जिसके बाद डॉक्टरों ने हालत स्थिर बताकर उनको ढांढस बंधाया।पीजीआई सूत्र कहते हैं कि जिस तरह से लगातार उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है, कनिका कपूर की घबराहट लगातार बढ़ रही है।कनिका कपूर की देखभाल करने वाली स्टाफ नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टर लगातार उन्हें समझा रहे हैं कि कोरोनावायरस का पूरा इलाज होने में 3 से 4 हफ्ते का समय लगता है।