दैनिक भास्कर के संस्थापक महेश अग्रवाल जी का निधन
झांसी । दैनिक भास्कर के संस्थापक और झांसी संस्करण के प्रधान संपादक श्री महेश प्रसाद अग्रवाल का सोमवार की देर रात को निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे। उनका जन्म आठ अगस्त, 1941 को झांसी में हुआ था। उनके एक पुत्र संजय अग्रवाल और तीन पुत्री संगीता, रितु व सुनीता हैं। मृदुभाषी महेश प्रसाद होश संभालने के बाद से ही समाज से जुड़ गए थे और 17 साल की उम्र में ही उन्होंने दैनिक भास्कर की जिम्मेदारी संभाल ली थी। 1958 में झांसी से उन्होंने दैनिक भास्कर का प्रकाशन शुरू किया और इसके बाद उसका लगातार विस्तार किया। उन्होंने समय-समय पर नई तकनीक अपनाकर प्रिंट मीडिया में दैनिक भास्कर का नाम देश के शीर्ष समाचार पत्रों में बनाने का काम किया। उनमें काम करने का जुनून था और झांसी के सामाजिक, सांस्कृतिक विकास के लिए भी उन्होंने काफी काम किया।
दैनिक भास्कर घराने के तीन भाइयों में क्रमशः द्वारिका प्रसाद, विशम्भर प्रसाद की पीढ़ी में अंतिम भाई महेश प्रसाद अग्रवाल के गोलोकगमन के साथ ही एक युग का अवसान हो गया।