सोनिया की अपीलः हम एकजुट प्रयास से कोरोना को हरा सकते हैं

Share:

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को एक अपील जारी करते हुए कहा कि हम सभी लोग एकजुट प्रयास कर कोरोना को हरा सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस संकट के दौरान सभी देशवासी अपने-अपने घरों में सुरक्षित होंगे और लॉकडाउन का पूरी तरह पालन कर रहे होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कोरोना के प्रकोप के बीच लोगों को शांति, धैर्य और संयम बनाए रखने के लिए धन्यवाद भी दिया। 

सोनिया गांधी ने कहा कि कि कोरोना महामारी से निपटने की लड़ाई में आप सभी के खड़े रहने से बड़ी देशभक्ति और क्या हो सकती है। हम इस मुश्किल समय में आपके परिजनो, पति-पत्नी-बच्चों, माता-पिता के त्याग और बलिदान को कभी नहीं भूल सकते। जोखिम होने के बावजूद अपनों के सहयोग और समर्थन से ही आप इस लड़ाई को लड़ पा रहे हैं। ऐसे में इस वीरता के लिए आप सबका धन्यवाद करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। 

उन्होंने कहा कि हमारे डॉक्टर्स, स्वास्थ्य कर्मचारी और समाज सेवी संगठन व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की कमी होने के बावजूद इलाज कर रहे हैं। पुलिस और जवान पहरा देकर लॉकडाउन के नियमों का पालन करवा रहे हैं। सफाई कर्मचारी इस मुश्किल समय में भी संसाधनों की कमी के बाद भी संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लगातार सफाई बनाए हुए हैं। सरकारी अफसर भी चौबीसों घंटे वायरस पर नियंत्रण पाने और लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। लेकिन आपके-हमारे सहयोग के बिना इनकी लड़ाई कमजोर पड़ सकती है और हमें ऐसा नहीं होने देना है। हमें इन सभी को सम्मान देना है। 

डॉक्टरों के साथ कुछ जगहों पर अनुचित व्यवहार को दुखद बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारी सभ्यता और संस्कृति ऐसी नहीं है। हमें इन सबका सहयोग और समर्थन करना चाहिए। इस संकट में आप ही में से कई लोग अपने स्तर पर व्यक्तिगत प्रयास कर रहे हैं। कोई लोगों को खाना खिला रहा हैं, कोई मास्क बॉंट रहा है, कोई सेनेटाइजर बांट रहा है तो कोई गरीबों तक सूखा राशन पहुंचा रहा है। मतलब हर हिंदुस्तानी कोरोना से इस लड़ाई को जीतने में एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। आप सभी लोग धन्यवाद के पात्र हैं। 


Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *