तुष्टीकरण और तानाशाही की राह चल रही हेमंत सरकार : दीपक प्रकाश

Share:

डॉ अजय ओझा।

निर्दोष और लोकतंत्र दोनो की करा रही हत्या।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश ने आज राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया। श्री प्रकाश आज बरही मॉब लिंचिंग में मारे गए युवक रूपेश पांडेय के श्राद्ध कर्म में श्रद्धान्जलि देने एवम परिजनो से मिलने जा रहे थे।

बरही जाने के क्रम में प्रशासन ने उन्हें हजारीबाग जिला की सीमा पर चरही में रोक दिया। प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश महामंत्री बालमुकुन्द सहाय एवम प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू भी थे।

यात्रा रोके जाने पर श्री प्रकाश ने प्रशासन को आड़े हाथों लिया। कहा कि वे पूरी सूचना देकर श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे। 144 धारा लागू होने का हवाला देकर रोके जाने का कोई मामला नही बनता है। वे कोई जुलूस,प्रदर्शन करने नही जा रहे। अगर रोकने की बात थी तो मुझे रांची से चलने के पूर्व सूचित कर दिया जाना चाहिए था। वे एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के साथ राज्यसभा सांसद भी हैं। परंतु प्रशासन ने उन्हें बरही जाने से रोके रखा।उन्होंने पदाधिकारियों से रोके जाने का लिखित आदेश मांगा लेकिन पदाधिकारी कोई जवाब नही दे सके।उन्होंने दूरभाष पर उपयुक्त हजारीबाग से बात कर कारण जानना चाहा, परंतु किसी ने सही उत्तर नही दिया। श्री प्रकाश हाईवे पर बैठे रहे,प्रशासन ने चरही में पुलिस की फौज खड़ी कर रखी थी। श्री प्रकाश के साथ हजारीबाग सांसद श्री जयंत सिन्हा एवम विधायक मनीष जायसवाल ,पूर्व विधायक मनोज यादव सहित हजारीबाग ज़िला के सैकड़ो पार्टी कार्यकर्ता भी हाईवे पर बैठे रहे।

मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार तुष्टिकरण और तानाशाही के रास्ते चल रही है। वोट बैंक की राजनीति में यह सरकार आकंठ डूब चुकी है।

उन्होंने कहा कि इस सरकार में मॉब लिंचिंग की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं।अबतक 10 से ज्यादा मॉब लिंचिंग की घटनाएं हो चुकी है। सिमडेगा में संजू प्रधान की हत्या,कही डायन के नाम पर मारने की घटना और विगत सरस्वती पूजा विसर्जन के दिन रूपेश पांडेय की दर्दनाक मॉब लिंचिंग राज्य की भयावह स्थिति को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह सरकार दोहरी नीति पर चल रही है। एक तरफ राज्य सरकार के मंत्री रूपेश के परिजनों से मिलकर घड़ियाली आंसू बहाते हैं उसवक्त प्रशासन यात्रा की स्वीकृति देता है परंतु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को जाने से रोकती है।

कहा कि राज्य सरकार भाजपा के आंदोलन से डर चुकी है। भाजपा राज्य के सवा तीन करोड़ जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति है। पार्टी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की तानाशाही से डरने वाली पार्टी नही है। सरकार लगातार अपने जनविरोधी नीतियों से जनता का विश्वास खो रही है। सारे जनविरोधी फैसले इनके ताबूत के कील बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक विरोध लोकतंत्र की खूबसूरती है,परंतु यह सरकार लोकतंत्र को कुचल रही है।यह तानाशाही रवैया ,हिटलरशाही जनता बर्दाश्त नही करेगी।

सड़क पर दिया श्रद्धान्जलि

रूपेश पांडेय के श्राद्ध कार्यक्रम में जाने से रोके जाने पर श्री प्रकाश ने चरही हाईवे पर ही रूपेश के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कहा कि रूपेश के परिजनों के साथ पूरी पार्टी खड़ी है। उन्हें न्याय दिलाने तक भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा। पार्टी सड़क से सदन तक न्याय दिलाने केलिये संघर्ष करती रहेगी।


Share: