महिला नर्सिंग कर्मियों से छेड़छाड़ के आरोपितों को सिखाया सबक
बांसवाड़ा, 12 अप्रैल (हि.स.)। अस्पताल से ड्यूटी कर घर जा रही दो महिला नर्सिंग कार्मियों के साथ युवकों को छेड़छाड़ करना भारी पड़ गया। शिकायत मिलने पर पुलिस छेड़छाड़ करने वाले युवकों को पकड़कर थाने लाई और उनके खिलाफ शांति भंग का मामला दर्ज किया।पुलिस ने युवकों को उनकी गलती के लिए थाने में उठक- बैठक लगवाई। इसके बाद फिर शिकायत करने वाली नर्सिंग कर्मियों के हाथों भी जमकर थप्पड़ जड़वाए।
शिकायत के अनुसार बांसवाड़ा शहर के नई आबादी स्थित मेवाड़ अस्पताल से शनिवार रात दो महिला नर्सिंग कर्मी ड्यूटी कर लौट रही थी। तभी उन्हें कुशलबाग मैदान के निकट स्थित कुछ युवकों ने छेड़ दिया। छतों पर खड़े इन युवकों ने छतों से ही सीटियां बजाई और दोनों को ऊपर आने के लिए कहा। इसके बाद दोनों कर्मचारियों को गुस्सा आया और उन्होंने तत्काल की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
शहर कोतवाल भैयालाल आंजना क्यूआरटी व पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सभी नौ युवकों को तत्काल छतों के ऊपर जाकर पकड़ लिया और उन्हें कोतवाली लाया गया। यहां पर सभी आरोपितों से बैठकें लगवाई गई। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों नर्सिंग कर्मचारियों को छूट दी। इसके बाद इन दोनों कर्मचारियों ने एक एक युवक को पकड़कर जमके गालों पर थप्पड़ बरसाए। इसके बाद दोनों कर्मचारियों ने रिपोर्ट दी। इस पर पुलिस ने सभी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।