दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष को कार से घसीटा गया

Share:

दिनेश शर्मा “अधिकारी”।

स्वाति मालीवाल के साथ पहले छेड़छाड़, फिर शीशे में दबा लिया हाथ।

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल से छेड़छाड़ की गई है। वहीं छेड़छाड़ के साथ उन्हें कार से घसीटा भी गया। स्वाति मालीवाल के साथ यह सारी घटना देर रात हुई। फिलहाल, घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपी को धर दबोचा। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान हरीश चंद्र (47) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस FIR दर्ज कर आरोपी को लेकर आगे की बनती कार्रवाई कर रही है।

नशे में धुत था आरोपी
दिल्ली पुलिस ने बताया कि, आरोपी नशे में धुत था और इसी दौरान उसने स्वाति मालीवाल के साथ छेड़छाड़ की। साथ ही जब स्वाति मालीवाल ने छेड़छाड़ का विरोध किया और आरोपी को फटकार लगाते हुए पकड़ा तो इस बीच उसने अचानक से अपनी कार की खिड़की का शीशा बंद कर लिया. इस दौरान स्वाति मालीवाल का हाथ खिड़की के शीशे में ही फंस गया। जहां आरोपी के कार चलाने के बाद स्वाति मालीवाल 10-15 मीटर तक घिसटते चली गईं।

DCW चीफ स्वाति मालीवाल ने दी छेड़छाड़ की जानकारी
इधर, DCW चीफ स्वाति मालीवाल ने भी ट्वीट कर उनके साथ छेड़छाड़ की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा- ”कल देर रात मैं दिल्ली में महिला सुरक्षा के हालात Inspect कर रही थी। एक गाड़ी वाले ने नशे की हालत में मुझसे छेड़छाड़ की और जब मैंने उसे पकड़ा तो गाड़ी के शीशे में मेरा हाथ बंद कर मुझे घसीटा। भगवान ने जान बचाई। यदि दिल्ली में महिला आयोग की अध्यक्ष सुरक्षित नहीं, तो हाल सोच लीजिए।”

महिलाओं के लिए लड़ती हैं स्वाति मालीवाल
बतादें कि, महिलाओं के साथ अश्लीलता और अत्याचार के मामलों को लेकर स्वाति मालीवाल समय-समय पर आवाज उठाती रहती हैं और तब तक पीछे नहीं हटतीं जबतक मामले में इंसाफ के साथ कोई कड़ी कार्रवाई न हो जाए। लेकिन तब क्या कहा जाए? जब स्वाति मालीवाल के साथ ही छेड़छाड़ होने लग जाए।


Share: