खबर हरदोई:विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर स्थायी साधन अपनाने में जनपद को मिला पहला स्थान

Share:

जतिन कुमार चतुर्वेदी


191 महिलाओं और पाँच पुरुषों ने अपनाई नसबंदी की सेवा।
विश्व जनसंख्या दिवस (11 जुलाई) के मौके पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में स्थायी परिवार नियोजन के साधन उपलब्ध कराने के लिए नियत सेवा दिवस का आयोजन किया गया | इस मौके पर जनपद ने 191 महिला नसबंदी और पाँच पुरुष नसबंदी कर पहला स्थान हासिल किया है | दूसरे स्थान पर वाराणसी और तीसरे स्थान पर चंदौली रहे |
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रोहतास कुमार का कहना है कि इस उपलब्धि के लिए सभी स्वास्थ्य अधिकारी और स्वास्थ्य कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं | इस रैंकिंग को यथावत बनाए रखने का प्रयास करना है | स्थायी साधन अपनाने को लेकर लोगों में कहीं न कहीं सकारात्मक सोच आई है और उन्होंने परिवार को पूरा करने के बाद इस साधन को सबसे उपयुक्त माना | यही कारण है की पहले दिन इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने इसे अपनाया | इसके अलावा पखवारा शुरू होने से पहले आशा संगिनी और कार्यकर्ताओं को ब्लॉक स्तर पर सही तरीके से काउंसलिंग करने के बारे में प्रशिक्षित किया गया जिससे कि लाभार्थी साधन अपनाने के लिए राजी हो जाएं |
परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. अनिल कुमार पंकज ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता पखवारे के दौरान कुल 1000 महिला और 20 पुरुष नसबंदी किए जाने का लक्ष्य है | पखवारे के पहले दिन पाँच पुरुषों ने नसबंदी की सेवा अपनाई है | उन्होंने अपनी जिम्मेदारी को निभाया है | परिवार नियोजन में ज्यादातर महिलायें ही जिम्मेदारी निभाती हैं जबकि पुरुषों को भी इसमें आगे आना चाहिए | पिछले साल आयोजित पखवारे में कुल 43 महिलाओं ने और 9 पुरुषों ने नसबंदी की सेवा अपनाई थी |
नोडल अधिकारी ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर आयोजित नियत सेवा दिवस पर सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में 92 महिलाओं और तीन पुरुषों ने, जिला चिकित्सालय में दो पुरुषों ने, संडीला में 53 महिलाओं ने, शाहाबाद सीएचसी पर 32 महिलाओं ने, हरपालपुर सीएचसी पर 10 महिलाओं ने और स्त्री क्लिनिक में चार महिलाओं ने नसबंदी अपनायी |


Share: