झारखंड न्यूज : भाजपा हर घर तिरंगा अभियान चलाएगी : दीपक प्रकाश

Share:

डॉ अजय ओझा।

प्रदेश पदाधिकारी जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारियों की बैठक देवघर में संपन्न।

रांची, 9 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने देवघर में प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को राज्य की जनविरोधी हेमंत सरकार के खिलाफ संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने स्थानीय मुद्दों पर जिला और मंडल के स्तर पर संघर्ष तेज करने को कहा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अंत्योदय के सपनों को साकार करने में दिन-रात लगी हुई है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ सशक्तिकरण, पन्ना समिति का निर्माण, 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड से ताल्लुकात रखने वाली आदिवासी महिला श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाना गर्व का विषय है। इसे लेकर जनजातीय समाज और जनजातीय नेता गण प्रधानमंत्री को आभार पत्र लिखेंगे।

भोलेनाथ की नगरी से प्रधानमंत्री देंगे झारखंड को कई सौगात : बाबूलाल मरांडी

वहीं नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर कमेटी की मजबूतीकरण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटी का कार्य साध लेंगे तो अन्य सांगठनिक कार्य आसानी से हो जाएगा। बूथ सशक्तिकरण संगठन निर्माण की आवश्यक कार्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भोलेनाथ की नगरी से कई महत्वपूर्ण सौगात झारखंड को देने वाले हैं। यह योजनाएं झारखंड में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन से बाबा भोलेनाथ की नगरी दुनिया के एयर यात्रा से जुड़ जाएगा। जबकि एम्स के उद्घाटन से झारखंड को स्वास्थ्य की व्यवस्था में एक बड़ा सौगात मिलने वाला है। उन्होंने कहा दर्जन भर से ज्यादा योजनाओं की उद्घाटन वह आधारशिला रखी जानी है।

प्रधानमंत्री का दौरा होगा ऐतिहासिक: नागेंद्र नाथ त्रिपाठी

कार्यक्रम को क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने संबोधित करते हुए कह कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का झारखंड से विशेष लगाव रहा है। इस बार देवघर की धरती से प्रधानमंत्री झारखंड के लिए कई सौगात देंगे। इससे पूर्व भी प्रधानमंत्री ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत झारखंड से किया है। प्रधानमंत्री का यह दौरा मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम को सफल बनाना भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश इकाई की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के प्रति संथाल परगना में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। अनुमान है कि इस कार्यक्रम में लाखों लोग शिरकत करने वाले हैं। प्रधानमंत्री जी का यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा।

जुलाई अगस्त तक होगा प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग: धर्मपाल सिंह

प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि सक्रिय बूथ समिति, बूथ पर मन की बात, बूथ सशक्तिकरण अभियान, मोदी 20 पुस्तक पर सेमिनार आयोजन करते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से लेकर मंडल तक प्रशिक्षण वर्ग भी होना है। इससे कार्यकर्ताओं में कार्य क्षमता और कार्य पद्धति तैयार होता है। जुलाई अगस्त महीने में प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन होगा। जबकि अगस्त तक सभी मोर्चों का भी प्रशिक्षण वर्ग संपन्न हो जाएगा।

प्रधानमंत्री देवघर में देश का सबसे बड़ा रोड शो करेंगे : निशिकांत दूबे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि 2019 के बाद यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का झारखंड का यह पहला दौरा है। इस दौरान साढ़े 16 हजार करोड रुपए की योजनाओं का सौगात झारखंड को मिलेगा। इस दौरान देवघर एयरपोर्ट समेत अन्य योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री जी देश का सबसे बड़ा रोड शो देवघर में साढे 11 किलोमीटर का करेंगे। इस रोड शो में लाखों लोग शिरकत करेंगे। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री जी बाबा बैजनाथ धाम में पूजा भी करेंगे। पूजन कार्यक्रम के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि जनसभा और रोड शो के दौरान पार्टी के कार्यकर्ता विशेष टीशर्ट, टोपी और साड़ी में दिखेंगे।

इससे पहले डॉक्टर श्याम प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तस्वीर पर पुष्पांजलि और वंदे मातरम गीत गाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान मंच पर उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा, स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू, प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय और प्रदीप वर्मा को अंग वस्त्र व पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया।

बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा व धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय ने किया। बैठक में प्रदेश के पदाधिकारीगण, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी उपस्थित थे।


Share: