"रील युग...!', युवा क्रांति में नए युग का आगाज...!
"रील युग...!', युवा क्रांति में नए युग का आगाज...! (मोबाइल की स्क्रीन पर 15 से 30 सेकंड का क्रांति युग.) "नया नो दिन, पुराना सौ दिन..। एक समय था जब किसी आंदोलन को खड़ा करने के लिए संगठन चाहिए था, कार्यकर्ता चाहिए थे,…

"रील युग...!', युवा क्रांति में नए युग का आगाज...!
(मोबाइल की स्क्रीन पर 15 से 30 सेकंड का क्रांति युग.)
"नया नो दिन, पुराना सौ दिन..। एक समय था जब किसी आंदोलन को खड़ा करने के लिए संगठन चाहिए था, कार्यकर्ता चाहिए थे, पोस्टर चाहिए थे, पर्चे चाहिए थे और सबसे बड़ी बात लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए समय चाहिए था। फिर सोशल मीडिया आया और इस पूरी व्यवस्था को बदल दिया। लेकिन सोशल मीडिया के हाईटेक वर्जन में "रील युग" अब उससे भी कही आगे है। एक ऐसा युग जिसमें आंदोलन का पोस्टर किसी दीवार पर नहीं, मोबाइल की स्क्रीन पर चिपकता है, नारा मंच से नहीं बल्कि 15-30 सेकंड की वीडियो से निकलता है और भीड़ जुटाने के लिए किसी बड़े नेता की जरूरत नहीं बल्कि एक वायरल रील से निकला हुआ सन्देश ही काफी है।
रील को केवल मनोरंजन समझना इस समय के सबसे बड़े सामाजिक बदलाव को न समझना है। रील अब "माइंड कैप्चरिंग" का सबसे शक्तिशाली माध्यम बन चुकी है। वह आपके पास सूचना लेकर नहीं आती, बल्कि आपकी उंगली के स्क्रोल के साथ आपके दिमाग में प्रवेश करती है। एक रील खत्म हुई नहीं कि दूसरी सामने। फिर तीसरी, फिर चौथी..। यह "स्क्रोल कल्चर" केवल हमारी देखने की आदत नहीं बदल रहा, बल्कि सोचने, समझने, प्रतिक्रिया देने और निर्णय लेने की क्षमता को भी प्रभावित कर रहा है।
आज दुनिया में कोई भी विषय तब तक बड़ा नहीं माना जाता, जब तक वह स्क्रीन पर दिखाई न देने लगे। और स्क्रीन पर दिखाई देने के लिए अब लंबा लेख, लंबा भाषण, लंबी बहस नहीं बल्कि एक प्रभावशाली दृश्य चाहिए। एक चेहरा, एक संवाद, एक व्यंग्य, एक मीम, एक संगीत और कुछ सेकंड की कहानी..। यही नया संचार विज्ञान है।
भारत में सोशल मीडिया और शॉर्ट वीडियो की पहुंच इतनी व्यापक हो चुकी है कि राजनीति, व्यापार, मनोरंजन और सामाजिक आंदोलनों की रणनीति इससे अलग रह ही नहीं सकती। इंस्टाग्राम ने 2025 में भारत में "रील्स फर्स्ट" अनुभव का परीक्षण शुरू किया। मेटा के अनुसार उसके प्लेटफॉर्म पर रील्स को प्रतिदिन अरबों बार दोबारा साझा किया जाता है। यानी अब कोई व्यक्ति केवल कंटेंट देख नहीं रहा, वह उसे आगे बढ़ाने वाली श्रृंखला का हिस्सा भी बन रहा है।
यही वह जगह है जहां रील एक माध्यम से आंदोलन की मशीन बन जाती है।जंतर-मंतर का हालिया युवा आंदोलन इसका सबसे ताजा उदाहरण है। इस आंदोलन की एक खास बात यह रही कि आंदोलन केवल सड़क पर नहीं था, वह मोबाइल स्क्रीन पर भी चल रहा था। युवाओं ने भाषणों की जगह मीम बनाए, नारों की जगह पैरोडी बनाई, पुलिस कार्रवाई के वीडियो को छोटे-छोटे क्लिप में बदला और गंभीर मुद्दों को हास्य और व्यंग्य की भाषा में पेश किया। किसी को यह सतही मनोरंजन लग सकता है, लेकिन यही उस पीढ़ी की संचार भाषा है। जिसने आंदोलन को नहीं समझा, उसने शायद यह समझने में गलती की कि ये केवल मीम हैं। असल में ये नए दौर के पोस्टर और पर्चे थे।आंकड़ो के अनुसार इस एपिसोड की प्रतिदिन तकरीबन एक लाख से अधिक रील्स बन रही थी जो तेजी से वायरल हो रही थी।या यूं कहिये कि आग की तरह तेजी से फेल रही थी।
इस आंदोलन की सबसे बड़ी शक्ति यह थी कि इसमें शामिल होने के लिए किसी संगठन का सदस्य होना जरूरी नहीं था। किसी शहर में बैठा युवा एक रील देखता है, मुद्दा समझता है, दूसरी रील शेयर करता है, अपने मित्रों को भेजता है और अगले दिन उसी मुद्दे के साथ जंतर-मंतर पहुंच सकता है। यानी पहले आंदोलन संगठन से व्यक्ति तक पहुंचते थे, अब आंदोलन व्यक्ति से व्यक्ति तक फैल सकते हैं।
यह फर्क बहुत बड़ा है।
एक समय आंदोलन में शामिल होने के लिए किसी नेता का आह्वान जरूरी था। अब कभी-कभी किसी अनजान युवक की बनाई रील हजारों लोगों को एक ही सवाल पर जोड़ देती है। किसी ने वीडियो बनाया, किसी ने मीम बनाया, किसी ने अपनी कहानी सुनाई, किसी ने पुलिस की कार्रवाई रिकॉर्ड की और किसी ने उसका व्यंग्य बना दिया। ये अलग-अलग वीडियो मिलकर एक सामूहिक नैरेटिव बना देते हैं। यही डिजिटल क्रांति का नया मॉडल है।
इसमें हास्य भी हथियार है और व्यंग्य भी। पुरानी पीढ़ी के लिए व्यंग्य एक लेख या कार्टून था, नई पीढ़ी के लिए वह मीम है। पहले सत्ता पर सवाल पूछने वाला कार्टून अखबार में छपता था, अब वही सवाल कुछ सेकंड की रील बनकर लाखों लोगों तक पहुंच सकता है। इसलिए सत्ता के सामने चुनौती अब केवल विपक्षी दल नहीं है। चुनौती वह युवा भी है जिसके पास कोई पद नहीं, कोई पार्टी नहीं, कोई मंच नहीं, लेकिन उसके पास कैमरा और इंटरनेट है।
जंतर-मंतर की घटनाओं ने यह भी दिखाया कि डिजिटल आंदोलन की ताकत केवल भीड़ जुटाने में नहीं, बल्कि नैरेटिव बनाने में है। पारंपरिक मीडिया किसी घटना को कवर करे या न करे, लेकिन अगर हजारों युवा अपने-अपने मोबाइल से एक ही घटना के अलग-अलग वीडियो बना दें तो वह घटना दबती नहीं, फैलती है। यही कारण है कि आज सूचना पर नियंत्रण पहले की तुलना में कहीं कठिन हो गया है। यहां तक कि कुछ संस्थानों द्वारा छात्रों से विरोध-समर्थक इंस्टाग्राम वीडियो हटाने को कहे जाने की खबरें भी सामने आईं, जो इस बात का संकेत है कि डिजिटल अभिव्यक्ति अब केवल व्यक्तिगत पोस्ट नहीं रह गई है। हालांकि इस आंदोलन में अश्लील टिप्पड़ी,गाली गलौच सम्बंधित रील्स भी बनाई गयी जिन्हें उचित नही कहा जा सकता किंतु नैरेटिव पैदा करने में वे भी तेजी से वायरल हुई जिनके अनुमान उन रीलों पर आये लाइक,कमेन्ट्स व फॉलोवर्स की संख्या में हुये इजाफे से लगाया जा सकता है।
अब सवाल है कि यह संस्कृति राजनीति को कितना बदलेगी..?
तमिलनाडु में विजय थलपति का राजनीतिक उभार इस सवाल का एक महत्वपूर्ण उदाहरण हो सकता है। यहां यह दावा करना जल्दबाजी होगी कि केवल रील और सोशल मीडिया ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन यह जरूर कहा जा सकता है कि विजय की लोकप्रियता को राजनीतिक शक्ति में बदलने में डिजिटल संस्कृति, फैन नेटवर्क और शॉर्ट वीडियो की बड़ी भूमिका रही होगी। किसी अभिनेता की लोकप्रियता पहले सिनेमाघर तक सीमित रहती थी, लेकिन आज उसका संवाद, भाषण, चेहरा और राजनीतिक संदेश मोबाइल स्क्रीन पर लगातार घूमता है। युवा उसके भाषण का हिस्सा काटकर रील बनाता है, दूसरा उसे शेयर करता है, तीसरा उस पर अपनी प्रतिक्रिया देता है और चौथा उसी विचार को आगे बढ़ाता है। इस तरह एक व्यक्ति की लोकप्रियता धीरे-धीरे एक डिजिटल समुदाय में बदल सकती है।
लेकिन यहां सावधानी भी जरूरी है। किसी चुनावी जीत या राजनीतिक सफलता को केवल सोशल मीडिया के खाते में डालना उचित नहीं होगा। जमीन पर संगठन, उम्मीदवार, स्थानीय समीकरण, विचारधारा, नेतृत्व और मतदाताओं का वास्तविक समर्थन भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। फिर भी यह मानना कठिन होगा कि आज की राजनीति में डिजिटल प्रभाव की कोई भूमिका नहीं है। रील मतदाता को अकेले वोट नहीं देती, लेकिन वह मतदाता के मन में किसी नेता की मौजूदगी जरूर बढ़ा सकती है। यही उसकी वास्तविक ताकत है।
और शायद आने वाले समय की राजनीति में सबसे बड़ा परिवर्तन यही होगा।अब नेता केवल जनता को संबोधित नहीं करेगा, वह जनता के फीड में प्रवेश करेगा। चुनाव केवल मैदान में नहीं लड़ा जाएगा, वह मोबाइल स्क्रीन पर भी लड़ा जाएगा। राजनीतिक दल केवल घोषणा पत्र नहीं बनाएंगे, वे कंटेंट कैलेंडर बनाएंगे। कार्यकर्ता केवल बूथ पर नहीं होंगे, वे डिजिटल कम्युनिटी में होंगे। और सबसे महत्वपूर्ण यह कि राजनीतिक विमर्श केवल बड़े नेताओं द्वारा तय नहीं होगा, बल्कि लाखों छोटे-छोटे क्रिएटर मिलकर किसी मुद्दे का नैरेटिव तैयार कर सकते हैं।यही वह बिंदु है जहां रील युग युवा क्रांति में बदल सकता है।
कल्पना कीजिए, देश के किसी छोटे शहर का एक युवा किसी स्थानीय समस्या का 30 सेकंड का वीडियो बनाता है। वह वायरल होता है। हजारों लोग उसी समस्या पर अपनी रील बनाते हैं। मीडिया उसे उठाता है। प्रशासन को जवाब देना पड़ता है। फिर कोई दूसरा युवा किसी राष्ट्रीय मुद्दे पर वीडियो बनाता है। फिर तीसरा रोजगार पर। चौथा शिक्षा पर। पांचवां भ्रष्टाचार पर। धीरे-धीरे ये अलग-अलग आवाजें एक सामूहिक चेतना में बदल सकती हैं।यह लोकतंत्र के लिए एक बड़ी संभावना है।
लेकिन यही कहानी उलटी भी हो सकती है। अगर रील केवल भावनाएं भड़काने का माध्यम बन गई, अगर तथ्य की जगह फर्जी वीडियो और डीपफेक ने ले ली, अगर हर मुद्दे को 20 सेकंड के सनसनीखेज निष्कर्ष में बदल दिया गया, तो यही संस्कृति लोकतंत्र को भ्रमित भी कर सकती है।
आज किसी झूठ को फैलने में उतना समय नहीं लगता जितना सच को जांचने में लगता है। इसलिए आने वाले समय में सबसे बड़ा संघर्ष केवल सूचना बनाम सूचना का नहीं होगा, बल्कि सत्य बनाम वायरलिटी का होगा।
रील युग की दूसरी चिंता यह है कि हम कहीं अपने ध्यान की कीमत तो नहीं चुका रहे? लगातार स्क्रोल करते हुए हम हर चीज को जल्दी समझना चाहते हैं। हमारी धैर्य क्षमता कम हो सकती है। गंभीर विषय मनोरंजन में बदल सकते हैं। आंदोलन भी कभी-कभी कंटेंट बन सकता है। कोई व्यक्ति मुद्दे के लिए नहीं, केवल रील बनाने के लिए आंदोलन में पहुंच सकता है। इसलिए यह संस्कृति जितनी शक्तिशाली है, उतनी ही जिम्मेदारी भी मांगती है।
फिर भी इस बदलाव को रोका नहीं जा सकता। क्योंकि यह केवल तकनीक का परिवर्तन नहीं है, यह पीढ़ी के सोचने और संवाद करने के तरीके का परिवर्तन है।आज की युवा पीढ़ी ने संचार की एक नई भाषा खोज ली है। वह लंबा भाषण नहीं सुनना चाहती, लेकिन 30 सेकंड में कही गई सार्थक बात को करोड़ों तक पहुंचा सकती है। वह पारंपरिक राजनीतिक नारे नहीं दोहराना चाहती, लेकिन एक मीम को आंदोलन का प्रतीक बना सकती है। वह किसी नेता की रैली में नहीं पहुंचती, लेकिन उसके मोबाइल पर नेता की रील जरूर पहुंचती है।
इसलिए आने वाली क्रांति शायद वैसी नहीं होगी जैसी हमने इतिहास की किताबों में पढ़ी है। न हर क्रांति के लिए लाखों लोगों का एक साथ सड़क पर उतरना जरूरी होगा, न हर आंदोलन का कोई एक चेहरा होगा। आने वाले समय में क्रांति वायरल होगी, विकेंद्रीकृत होगी और नेटवर्क के जरिए फैलेगी।और शायद यही रील युग का सबसे बड़ा संदेश है।
अब हर हाथ में कैमरा है, हर व्यक्ति एक संभावित पत्रकार है, हर मोबाइल एक प्रसारण केंद्र है और हर वायरल वीडियो जनमत की एक छोटी-सी इकाई।
जंतर-मंतर के युवा आंदोलन ने यह संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में डिजिटल दुनिया और वास्तविक दुनिया के बीच की दूरी और कम होगी। आज रील से आंदोलन सड़क तक पहुंच रहा है, कल सड़क का आंदोलन सत्ता के गलियारों तक पहुंच सकता है। आज युवा किसी मुद्दे पर रील बना रहा है, कल वही युवा राजनीतिक विकल्प बन सकता है। आज कोई अभिनेता डिजिटल लोकप्रियता को राजनीति में बदलने की कोशिश कर रहा है, कल कोई सामान्य युवक डिजिटल जनसमर्थन को सामाजिक नेतृत्व में बदल सकता है।
रील युग को इसलिए केवल मनोरंजन का युग समझना भूल होगी। यह जनमत के निर्माण का नया युग है। यह युवा शक्ति के पुनर्गठन का युग है। यह वह दौर है जिसमें क्रांति शायद पहले स्क्रीन पर दिखाई देगी और फिर सड़क पर।युवा क्रांति का नया चेहरा शायद न पोस्टर होगा, न पर्चा, न मंच...।वह 30 सेकंड की एक रील होगी जो किसी एक मोबाइल से निकलेगी और देखते-देखते लाखों दिमागों को एक ही सवाल पूछने के लिए मजबूर कर देगी।
वर्तमान परिपेक्ष्य में इस संभावना को नही नकारा जा सकता कि अब रील युग है और संभव है कि आने वाले समय मे राजनीतिक,सामाजिक अथवा जनता से जुड़े मुद्दे की क्रांति का पहला कदम किसी संसद में नहीं,बल्कि किसी युवा के मोबाइल से उठे ओर देखते देखते देश भर में फेल जाये..।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक चिंतक है)