अर्जुन सिंह के तृणमूल कांग्रेस में वापसी के आसार

Share:

गंगा ‘अनु

कोलकाता, 21 मई। पश्चिम बंगाल के धाकड़ भाजपा नेता अर्जुन सिंह के रविवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के आसार हैं। 

मिली सूचना के मुताबिक उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर से दबंग  भाजपा सांसद अर्जुन सिंह तृणमूल कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं। इससे संबंधित पोस्टर शनिवार को इलाके में लग गए हैं। इन पोस्टर्स में एक तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर है तो दूसरी तरफ अभिषेक बनर्जी की तस्वीर है और दोनों के बीच में अर्जुन सिंह की फोटो लगी हुई है। ऊपर लिखा है तृणमूल कांग्रेस में स्वागत है। हालांकि खबर लिखे जाने तक इन पोस्टर्स पर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

अर्जुन सिंह ने शनिवार को बकायदे अपने ट्वीट में लिखा है कि सुना है आज समंदर को खुद पर गुमान आया है। उधर ही चलो कश्ती जहां तूफान आया है। 
उनके इस ट्वीट के बाद सिंह के तृणमूल कांग्रेस में वापसी की अटकलों को और आक्सीजन मिला है।उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों से ही अर्जुन सिंह भाजपा के शीर्ष नेताओं समेत केंद्रीय नेतृत्व पर लगातार सवाल खड़ा करते रहे हैं। जूट मिलों की बदहाली को आधार बनाकर उन्होंने भाजपा के खिलाफ नाराजगी को सार्वजनिक तौर पर रखना शुरू किया था जो अब संभवतः पार्टी से मोहभंग खत्म होने वाला है। सिंह को मनाने के लिए केंद्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने भी कई बार कोशिशें की हैं।


Share: