भाजपा नेताओं ने देवकमल अस्पताल जाकर सिमडेगा की पीड़िता से मुलाकात कर हालचाल लिया।

Share:

डॉ अजय ओझा ।

रांची, 15 जनवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक दल के नेता बाबुलाल मराण्डी एवं केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने आज सिमडेगा में मॉब लिंचिंग की शिकार झरियो देवी को देखने देवकमल अस्पताल गए।

ज्ञात हो कि कुड़पानी,डीपाटोली गांव में कल 13 जनवरी को 60 वर्षीय झरियो देवी पर डायन बिसाही होने का आरोप लगाकर अपराधियों द्वारा उन्हें आग में झोंक दिया गया था, जहां उनकी हालत गंभीर है और रांची के देवकमल अस्पताल में इलाज चल रहा है। भाजपा नेताओं ने देवकमल अस्पताल के संचालक डॉ अनंत सिन्हा से उनका बेहतर इलाज करने का आग्रह किया।साथ ही झरियो देवी के पुत्र वीरेंद्र से घटना के बारे में जानकारी ली।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड में लगातार हिंसात्मक घटना बढ़ती चली जा रही है। सिमडेगा सहित पूरे राज्य में जिंदा जलाने की प्रवृति भी बढ़ रही है। राज्य सरकार की कान में जूं भी नही रेंग रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि राज्य की सरकार को कानून व्यवस्था ठीक हो, इसकी चिंता नही है।

आगे उन्होंने कहा कि इन सब घटना के साजिश एवं षड्यंत्र के पीछे कौन लोग है उसे सरकार, प्रशासन चिन्हित करें।श्री प्रकाश ने कहा कि पूरी पार्टी इस घटना की निंदा करती है साथ ही पार्टी पीड़िता एवं उनके परिवार को हर संभव सहयोग करने के लिए तत्पर है।

भाजपा विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी ने कहा कि 21वीं सदी में डायन बिसाही के नाम पर महिलाओं पर अत्याचार दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि समाज में अशिक्षा और जागरूकता की कमी के कारण अक्सर ऐसी घटनाएं घटती है।ऐसी कुप्रथाओं और अंधविश्वास को रोकने के लिए सरकार के साथ समाज के प्रबुद्ध लोगों को भी आगे आना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं एक बार फिर यह दोहरा रहा हूं कि इस तरह के जघन्य अपराध तब घटित होते हैं,जब प्रशासन निष्क्रिय रहती है।पुलिस प्रशासन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अशोक बड़ाईक, राँची महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता , हरविंदर सिंह बेदी सहित कई उपस्थित थे।


Share: