30 हजार के ईनाम के चक्कर में गंवा दिए सोने के गहनें

Share:


पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर शुरु की छानबीन
चंबा, 26 फरवरी (हि.स)। गिफ्ट का लालच देकर दो अज्ञात महिलाएं जिले की एक महिला को बड़ा चूना लगा गई हैं। पहले तो इन दोनों महिलाओं ने जिले की एक महिला को दो बार गिफ्ट मुहैया करवाकर जाल में फंसाया और फिर बाद में सोने के जेवरात लेकर फरार हो गईं हैं। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज करके छानबीन शुरु कर दी है।

 
पुलिस चौकी बकलोह में एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 20 फरवरी को 35 से 45 आयु वर्ग की दो अज्ञात महिलाएं उसके घर आई और अपनी पहनी हुई चांदी की अंगूठी यह कहते हुए मांगी कि  अगर इसका डिज़ाइन उनकी कंपनी को पसंद आता है तो उसे इस अंगूठी के साथ कुछ गिफ्ट मिल सकता है। शिकायकर्ता गिफ्ट के चक्कर में इन अज्ञात महिलाओं के चंगुल में फंस गई और अपनी पहनी हुई चाँदी की अंगूठी इन महिलाओं को दे दी। अगले दिन वह दोनों महिलाएं फिर से शिकायतकर्ता के घर गईं और उसकी अंगूठी 500 रुपये गिफ्ट के साथ वापिस कर दी । साथ ही यह भी कहा कि अगर आप सोने की अंगूठी दें तो आपको और ज्यादा ईनाम मिल सकता है। 
शिकायतकर्ता इन दोनों महिलाओं की बात को फिर से सच मान बैठी और अपनी सोने की अंगूठी उन महिलाओं के हाथ में थमा दी। अगले दिन उन महिलाओं ने फिर से शिकायतकर्ता की अंगूठी 1000 रुपये इनाम के साथ वापिस कर दी और इस बार कहा कि अगर आप सोने के 6 गहने हमें दें हो तो आपको सीधे 30000 रुपये इनाम के तौर पर मिल सकते हैं। 


शिकायत करने वाली महिला फिर से इन महिलाओं की बातों में आ गई और अपने सोने के 6 गहने उन महिलाओं को दें दिए। छह गहने मिलने के बाद से गिफ्ट का लालच देने वाली दोनों महिलाएं गायब हैं। अब जब गहने लेकर गई महिलाएं वापिस नहीं पहुंची हैं तो शिकायत करने वाली महिला समझ गई कि वह ठगी का शिकार बन चुकी है। 
बहरहाल,  अब गिफ्ट के लालच में ठगी का शिकार बनी महिला पुलिस की शरण में है। पुलिस ने भी दोनों अज्ञान महिलाओं के खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। 
उधर, एसपी चंबा डॉ मोनिका ने भी इस तरह का मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने सभी चंबा वासियों से इस प्रकार के प्रलोभनों से बचने का आह्वान करते हुए अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें ताकि कोई और इस प्रकार की ठगी का शिकार न बन सकें। 
हिन्दुस्थान समाचार/सोमी/सुनील


Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *