मुख्यमंत्री बनते ही बदला शिवराज का ट्विटर स्टेटस, दिग्विजय ने कसा तंज

भोपाल, 24 मार्च (हि.स.)। शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार की रात चौथी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री बनते ही उनका ट्विटर स्टेटस भी बदला गया। मुख्यमंत्री बनने से पहले तक वह कामन मैन थे, लेकिन अब वे चीफ मिनिस्टर आफ मप्र हो गए हैं। वहीं, उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद दिग्विजय सिंह ने तंज कसा है। “उन्होंने कहा कि भाजपा ने धनबल और छलबल से प्रदेश की कमान उन्हें सौंपी है। वक्त आने पर जनता इसका जवाब देगी।”
शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सोमवार को देर रात ही अपना ट्विटर हैंडल पर स्टेटस बदल दिया। पहले उन्होंने अपने ट्विटर स्टेटस में “द कॉमन मैन ऑफ मध्यप्रदेश” लिखा था। अब उन्होंने ट्विटर स्टेटस को “द चीफ मिनिस्टर ऑफ मध्यप्रदेश” कर लिया है।

इधर शिवराज के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद दिग्विजय सिंह ने सोमवार देर रात ट्वीट कर तंज कसते हुए लिखा “मामा का मुक्ति के लिये मप्र की जनता ने कांग्रेस को जनादेश दिया था। भ्रष्ट शासन को बदलने के लिए कांग्रेस में जनता ने विश्वास दिखाया था, लेकिन भाजपा ने धनबल और छलबल से फिर मामा को प्रदेश की कमान सौंप दी। जनता यह सब देख रही है और वक्त आने पर वह जवाब देगी।”