प्रियंका ने सरकार पर लगाया प्रवासी मजदूरों को ठगने का आरोप

Share:

कहा, गंतव्य के बजाय बीच रास्ते में लोगों को छोड़ा जा रहा

नई दिल्ली, 07 मई । कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लॉकडाउन के कारण विभिन्न राज्यों में फंसे लोगों को उनके घर पहुंचाने के नाम पर ठगने का आरोप केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रवासी श्रमिकों और गरीबों से मदद के नाम पर यात्रा के बदले पैसे तो वसूले गए लेकिन उन्हें उनके नियत स्थान तक पहुंचाने के बजाय बीच रास्ते में छोड़ा जा रहा है। इस दौरान उन्होंने गुजरात से उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों का हवाला दिया है।

प्रियंका गांधी ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि एक तो मदद के नाम पर सरकार गरीब और मजबूर लोगों से पैसों की वसूली कर रही है, उस पर स्थिति यह है कि उन्हें बीच रास्ते में ही छोड़ा जा रहा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘मजदूरों को गुजरात से उत्तर प्रदेश लाया गया। पैसे भी वसूले गए। लेकिन आगरा और बरेली जाने वालों को लखनऊ और गोरखपुर ले जाकर छोड़ा जा रहा है।’ उन्होंने सवाल किया कि आखिर ये किस प्रकार की मदद है।

एक अन्य ट्वीट में प्रियंका ने कहा कि आज बुद्ध पूर्णिमा है। बुद्ध की वाणी करुणा की वाणी थी। ऐसे में प्रवासी मजदूरों के साथ करुणा भरा व्यवहार हो और उन्हें सहारा मिले, यह हमारा प्रयास होना चाहिए। उन्होंने सरकार के प्रति तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ भगवान की वाणी दोहराना काफी नहीं है, उस पर अमल करना भी होता है।


Share: