खबर प्रयागराज:अवर अभियंता राहुल अग्रहरि को अपना पक्ष रखने के लिए सीएमओ ने दिया अंतिम अवसर
सौरभ सिंह सोमवंशी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रयागराज ने विद्युत यांत्रिक खंड लोक निर्माण विभाग में अवर अभियंता के पद पर तैनात राहुल अग्रहरि पुत्र ओंकार नाथ गुप्ता के दिव्यांग प्रमाण पत्र की जांच हेतु गठित चिकित्सा अधिकारियों के बोर्ड के समक्ष पेश होने हेतु अंतिम अवसर प्रदान किया है। बोर्ड के समक्ष पेश होने के लिए इसके पहले राहुल अग्रहरि को तमाम सारे अवसर प्रदान किए गए व उसको पत्र भेजा गया परंतु वह उपस्थित नहीं हुआ मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रयागराज के अनुसार 28 जुलाई को 2 बजे दोपहर राहुल अग्रहरि को अंतिम अवसर प्रदान किया गया है, जहां पर उसके दिव्यांग प्रमाण पत्र की जांच की जाएगी और बोर्ड अपनी जांच आख्या देगा।
कौशांबी निवासी दिवाकर केसरवानी ने आरोप लगाया है कि लोक निर्माण विभाग में अवर अभियंता राहुल अग्रहरि ने अपना जो विकलांगता प्रमाण पत्र बनवा कर नौकरी कर रहा है वह पूरी तरह से फर्जी है। क्योंकि वह 50% का विकलांग नहीं है। केसरवानी ने इसकी शिकायत कौशांबी के लोकसभा सांसद विनोद सोनकर समेत तमाम अधिकारियों से की थी जिनके द्वारा जारी पत्र के आधार पर मामले की जांच चल रही है इसी मामले में राहुल अग्रहरि को अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। दिवाकर केसरवानी ने इस मामले पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी एक याचिका दायर कर रखी है।
