पाकिस्तान में महाशिवरात्रि का पर्व

Share:

जयति भट्टाचार्य।
पाकिस्तान में महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। शिवजी के भक्तों का जोश उस दिन देखने लायक होता है। पाकिस्तान में रहने वाले हिन्दू महाशिवरात्रि के दिन शिव मंदिरों में दर्शन के लिए जाते हैं। कई शिव मंदिर हैं जहां शिवरात्रि का त्यौहार मनाया जाता है परंतु सबसे महत्वपूर्ण है उमरकोट शिव मंदिर का तीन दिवसीय महाशिवरात्रि उत्सव। यह उस देश के बड़े धार्मिक त्यौहारों में से एक है। सभी खर्च पाकिस्तान हिन्दू पंचायत वहन करती है।
महाशिवरात्रि का त्यौहार छुर्रियो जबल दुर्गा माता मंदिर में भी मनाया जाता है। हिन्दू, मृतकों की राख को रख देते हैं और इस दिन छुर्रियो जबल दुर्गा माता मंदिर के पवित्र जल में विसर्जित करते हैं।
एक और मंदिर है जहां हिन्दू बेहद धूम धाम के साथ महाशिवरात्रि का पर्व मनाते हैं। यह मंदिर है कराची का श्री रत्नेश्वर महादेव मंदिर। महाशिवरात्रि की रात को कराची के हिन्दू पूरा दिन व्रत रखके मंदिर में दर्शन के लिए जाते हैं। वहां छनेसर गोथ से कुछ भक्त गंगाजल लेकर मंदिर आते हैं। शिव के स्नान के लिए यह जल मंदिर में लाया जाता है। भोर 5 बजे तक पूजा होती है। आरती के पश्चात भक्त नंगे पैर और महिलाएं पूजा की थाली लेकर समुद्र तक जाती हैं। पूजा की थाली में फूल, अगरबत्ती, चावल, नारियल और एक दीया होता है। वहां पूजा के बाद भक्त अपना व्रत तोड़ते हैं। उनके लिए मंदिर की रसोई में नाश्ता बनता है।


Share: