मुंबई सहित राज्य के कई जिलों में जोरदार बारिश, दो की मौत

Share:

मुंबई, 04 जून । मुंबई सहित राज्य के कई जिलों में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हो रही है। इससे पुणे में एक घर के गिरने तथा घर का टीन शेड का पतरा उड़ जाने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। निसर्ग तूफान की वजह से चल रही तेज हवा से सूबे में सैकड़ों पेड़ गिर गए हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।मुंबई के वालकेश्वर इलाके में इमारत पर लगाए गए पतरा शेड अचानक उड़ जाने से तीन लोग जख्मी हुए हैं। वहीं मुंबई में सैकडों पेड़ गिर गए हैं। विधानभवन परिसर में चार पेड़ गिरे हैं। इसी तरह ब्रेबोर्न स्टेडियम के पास दो पेड़ अचानक वाहनों पर गिर गए, जिस कारण एक टैक्सी व एक निजी वाहन चकनाचूर हो गया। पश्चिमी राजमार्ग पर पेड़ गिरने से पूरा हाईवे जाम हो गया है। मुंबई नगर निगम के कर्मचारी तथा फायर ब्रिगेड के जवान इन गिरे पेड़ों को हटाने का प्रयास कर रहे हैं। गुरुवार सुबह से ही मुंबई के कोलाबा, अंधेरी, ठाणे, कांदिवली, कल्याण, मीरा रोड, पालघर आदि इलाकों में तेज बारिश हो रही है। कोलाबा मौसम विभाग के अनुसार मुंबई शहर में 24.8 व मुंबई उपनगर में 50 मिमी. बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने छह जून तक बारिश की चेतावनी दी है और हाई अलर्ट जारी किया है। निसर्ग तूफान की वजह से पुणे जिले वाहेगांव में घर गिर जाने से मंजाबाई अनंत नवले की मौत हो गई। इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं, सबका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इसी तरह पुणे के मोकरवाड़ी में घर का टीन शेड का पतरा उड़ गया। इस पतरे को पकड़ने का प्रयास कर रहे प्रकाश मोकर जख्मी हो गया, बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। तूफान की वजह से पुणे, नासिक, जलगांव, अहमदनगर में तेज बारिश हो रही है।


Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *