मध्य प्रदेश : तीसरा मोर्चा भी दिखा रहा ताकत

Share:

देवदत्त दुबे।

वैसे तो मध्य प्रदेश की राजनीतिक इतिहास में दो दलीय राजनैतिक व्यवस्था देखी गई है :- भाजपा और कांग्रेस के बीच सत्ता की अदली बदली चलती रही है, लेकिन इस बार प्रदेश में तीसरा मोर्चा भी अपनी ताकत दिखाने को बेताब है। बसपा, सपा, जयस, आप पार्टी के बाद अब भीम आर्मी भी शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है।

दरअसल मध्य प्रदेश में कभी भी तीसरे मोर्चे को ऐसा महत्व नहीं मिला है, जिसमें वह सप्ताह के समीकरणों को साध सकें। प्रयास अनेकों बार हुए यहां तक की कांग्रेस से और भाजपा से बगावत करके कई नेताओं ने प्रयास किए लेकिन सरकार भाजपा और कांग्रेस की ही बनती रही ।लेकिन इस बार तीसरे मोर्चे के रूप में छोटे-छोटे दल अपने अस्तित्व का भान कराने के लिए बेताब हो रहे हैं। बसपा और सपा तो कुछ विधायकों के साथ आती-जाती रही है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने भी एक समय अपना रुतबा दिखाया था। इस बार इन सब से कुछ नए उभरते ऐसे दल है जिन्होंने हाल ही में त्रिस्तरीय पंचायती राज और नगरी निकाय के चुनाव में भी उपस्थिति दर्ज कराई है। जिसमें आप पार्टी सिंगरौली में मेयर जिताकर सबको चौका दिया। अब आप पार्टी प्रदेश की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है। पार्टी ने जमीनी स्तर पर जमावट शुरू कर दी है। पार्टी का फोकस शहरी इलाकों में ज्यादा है। इसी तरह जयस भी इस बार आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित सीटों पर जोर लगा रही है। पिछली बार जयस के डॉ हीरालाल अलावा ने कांग्रेस के साथ समझौता कर लिया था इस बार जयस के अन्य पदाधिकारी समझौते के मूड में नहीं है। हालांकि दोनों ही प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस 2018 के चुनाव के बाद से ही आदिवासी पर्व पर अपना फोकस बनाए हुए हैं।

बहरहाल चुनावी वर्ष में राजधानी में विभिन्न प्रकार के आंदलनों का सिलसिला बढ़ गया है। रविवार को राजधानी भोपाल में भीम आर्मी अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने जा रही है। प्रशासन ने इस कार्यक्रम के लिए आजाद समाज पार्टी को 20000 लोगों के लिए परमिशन दी है। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण इस शक्ति प्रदर्शन में दलित और आदिवासियों को बुला रहे हैं। साथ ही ओबीसी महासभा का समर्थन भी हासिल कर लिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील असते के अनुसार 12 फरवरी 2023 को आरक्षण के समर्थन में सामाजिक न्याय यात्रा भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के तत्वाधान में होगा इस सामाजिक न्याय यात्रा में प्रदेश भर से बहुजन समाज के लोगों को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद, भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे प्रदेश के दूर अंचलों से पैदल भी कार्यकर्ता राजधानी भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं।

कुल मिलाकर 2023 का विधानसभा चुनाव जहां भाजपा और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है और दोनों ही दल बूथ स्तर पर जमावट करने माहौल को अपने पक्ष में बनाने और बेहतर प्रत्याशियों के चयन में जुटे हुए हैं वही तीसरे मोर्चे के दल भी अपने अस्तित्व का भान कराने के लिए बेताब हो रहे हैं।


Share: