जायद की फसलों के हुए आर्थिक नुकसान का किसानों को मुआवजा दे सरकार
समर्थ किसान पार्टी ने प्रदेश सरकार से जायद की फसलों के हुए आर्थिक नुकसान का किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।पार्टी नेता अजय सोनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सरकार से तत्काल इस मांग पर समुचित आदेश जारी करने का अनुरोध किया है।
अजय सोनी ने बताया कि कोरोना महामारी को सरकार ने आपदा की श्रेणी में रखा है और किसानों को आपदा में नुकसान होने पर राहत के तौर पर मुआवजा दिया जाने का प्रावधान है। अतएव सरकार को चाहिए कि पिछले तीन माह से किसानों की जायद की फसलों के दामों में हुई भारी गिरावट और इसके चलते किसानों को हुए आर्थिक नुकसान का सर्वे कराए और सर्वे के आधार पर किसानों को समुचित मुआवजा प्रदान करे।
अजय सोनी के मुताबिक जायद की फसलों जैसे तरबूज, खरबूज, खीरा, ककड़ी, भिंडी, ननुआ, तर्रोई, लौकी, करैला आदि की कीमत बेहद कम हो गई है। आलम यह है कि किसान अपनी लागत नहीं निकाल पा रहा है और भाड़ा, किराया भी नहीं दे पा रहा है। ऐसे में किसान आर्थिक रूप से बूरी तरह परेशान है।
अजय सोनी ने कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में सरकार को चाहिए कि किसानों की जायद की फसलों के दामों में हुई भारी गिरावट को देखते हुए अपने स्तर से किसानों की मदद करे।
इसी के साथ अजय सोनी ने प्रदेश सरकार से कम से कम 6 माह की किसानों का विद्युत बिल माफ करने की भी मांग की।अजय सोनी ने बताया कि जायद के फसलों के दामों में भारी गिरावट के चलते किसान पहले से अपनी लागत नहीं निकाल पा रहा है, ऐसे में किसान विद्युत बिल कहां से जमा करेगा।उन्होंने इस संबंध में जल्द ही कार्यवाही किए जाने की मुख्यमंत्री से मांग की है।

मनोज करवरिया (पत्रकार) मो० 6387244837
