झगड़े में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला

Share:

सुधीर।

दिल्ली के बिंदापुर इलाके में झगड़े में हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमलाकर कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शोर-शराबा सुनकर जुटे आसपास के लोगों ने एक हमलावर को पकड़कर उसकी धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

घायल युवक की पहचान विश्वास पार्क निवासी हर्षित के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि वह विश्वास पार्क के पास ही एक फैक्टरी में काम करता है। चार दिन पहले उसका दो लोगों से झगड़ा हो गया था। शुक्रवार को वह अपनी फैक्टरी के पास खड़ा था। इसी दौरान जिस युवक के साथ उसका झगड़ा हुआ था, वह अपने चार साथियों के साथ उसके पास आया और उसके साथ मारपीट करने लगा।

इसी दौरान आरोपियों ने उसे चाकू भी मारे। चीख-पुकार सुनकर आस पास के लोग वहां आ गए। उन्हें देखकर हमलावर भागने लगे। लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने हर्षित को पास के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आरोपी को भी हिरासत में ले लिया। मारपीट में उसे भी काफी चोट लगी थी। उसे भी पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिग हो सकता है।


Share: