दिल्ली : 24 घंटे में कोरोना से 4 और मौतें, संक्रमितों की संख्या पहुंची 1510

Share:

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वैश्विक महामारी कोविड-19 (कोरोना वायरस) से सोमवार को चार और लोगों की मौत हुई है। मौत का आंकड़ा बढ़कर 28 तक पहुंच गया है। वहीं पिछले 24 घंटे में 356 नए मामले सामने आए हैं। इसमें से 325 पॉजिटिव मामले हैं। इसके साथ कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 1510 हो गई है।  रविवार को यह आंकड़ा 1154 था। 

वहीं अब तक दिल्ली सरकार ने 15032 लोगों की जांच की है, जिसमें से 1510 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि 12283 केस निगेटिव हैं। फिलहाल 1008 लोगों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।

दिल्ली सरकार की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या सोमवार को बढ़कर 1510 हो गई है। कोरोना के 356 नए मामले सामने आए। रविवार को यह आंकड़ा 1154 था। अब तक के 1510 मामलों में स्पेशल ऑपरेशन के 1071 मामले शामिल हैं, जबकि 377 लोग विदेशी लोगों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। वहीं 31 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।  

दिल्ली में कहां कितने लोग हैं क्वारेंटाइन

दिल्ली के सभी 11 जिलों के 16 केंद्रों में 2456 लोगों को क्वारेंटाइन में रखा गया है। इनमें दक्षिण दिल्ली के दो क्वारेंटाइन केंद्रों में 110 लोगों को रखा गया है। दक्षिण-पूर्वी जिले के चार केंद्रों में 595 लोग, दक्षिण-पश्चिमी जिले के दो केंद्रों में 134 लोग, उत्तरी दिल्ली के एक केन्द्र में 961 लोगों को, उत्तर-पश्चिम जिले के एक केंद्र में 189 लोग, उत्तर-पूर्वी जिले के एक केंद्र में 60 लोग, शहादरा जिले के एक केंद्र में 145 लोग हैं। इसी तरह पश्चिमी जिले के एक केंद्र में 126 लोग, सेंट्रल जिले के एक केंद्र में 121 लोग, नई दिल्ली जिले के दो केंद्रों में 15 लोगों को क्वारेंटाइन किया गया है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में ऑपरेशन सील्ड के तहत अब तक 47 इलाके सील किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रतीक


Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *