भारत गौरव से सम्मानित हुईं डॉ अर्चना पाण्डेय

Share:


डाॅ अजय ओझा।
रांची, 1 जून । हिंदी व भोजपुरी की प्रसिद्ध कवयित्री डॉ अर्चना पाण्डेय को “भारत गौरव” उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह उपाधि उनको विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ, बिहार द्वारा प्रदान की गई है। डॉ अर्चना पाण्डेय को यह उपाधि उनकी सुदीर्घ हिंदी-सेवा, सारस्वत साधना, कला के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियों, शैक्षिक प्रदेयों, शोध कार्य तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में प्रतिष्ठा के आधार पर दी गई है। 


डॉ. अर्चना पाण्डेय, रक्षा मंत्रालय, डीआरडीएल, हैदराबाद में सहायक निदेशक (राजभाषा) के पद पर कार्यरत हैं और निरंतर साहित्य और समाज-सेवा के कार्यो में लगी हुई हैं। वे प्रयागराज (उत्तर-प्रदेश) की निवासी हैं। वे अंतरराष्ट्रीय संस्था हिंदी साहित्य भारती, तेलंगाना की अध्यक्ष हैं तथा अंतरराष्ट्रीय संस्था महिला काव्य मंच, तेलंगाना की भी अध्यक्ष हैं। इसके अतिरिक्त वे राष्ट्रीय संस्था शहर समता विचार मंच, तेलंगाना की अध्यक्ष हैं। वे देश की कई अन्य साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं की पदाधिकारी भी हैं। उनकी अनेक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं तथा उन्हें अनेक संस्थाओं से साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। डॉ पाण्डेय पिछले 26 वर्षों से  आकाशवाणी में उद्घोषक एवं वार्ताकार  रही हैं। आकाशवाणी से इनकी विभिन्न कविताओं का प्रसारण हुआ है।

दूरदर्शन के साक्षात्कार कार्यक्रम में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। इसके अतिरिक्त विभिन्न कवि सम्मेलनों में व मंचीय कार्यक्रमों में सक्रिय हैं। इसके अतिरिक्त वे दशकों से राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के दीक्षांत समारोह की उद्घोषणा कर रही हैं। इनकी रचनाएँ देश के विभिन्न समाचार पत्रों से निरंतर प्रकाशित होती रहती हैं। हाल ही में इनका एकल काव्य संग्रह- ‘मन गाता है’ प्रकाशित हुआ है।
डॉ अर्चना पाण्डेय को “भारत गौरव” उपाधि से सम्मानित किए जाने पर साहित्य जगत में प्रसन्नता एवं उत्साह का माहौल है।


Share: