दीदी का पूरा ध्यान दुर्गा पूजा के बजाय रोजा इफ्तार पार्टी कराने में : योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। जनता ने 30 से 40 साल कांग्रेस, 30 साल वामदलों और 10 साल टीएमसी को दिए, लेकिन विकास के नाम पर कोई काम नहीं हुआ। विकास के बजाय ये लोग रोड़ा अटकाने का काम करते हैं। धार्मिक कार्यों में व्यवधान पैदा करते हैं। बंगाल में दुर्गा पूजा और सरस्वती पूजा नहीं कर सकते हैं। होली खेलने से रोका जाता है, हर पर्व में व्यवधान पैदा किया जाता है। ऐसा ही काम पहले यूपी में होता था, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद यूपी में कांवड़ यात्रा निकलती है, दुर्गा पूजा और होली खेली जाती है। आज सभी गुंडे यूपी से गायब हो चुके हैं और सिर्फ विकास का बोलबाला है। दो साल पहले दुर्गा पूजा और रमजान एक साथ पड़ा था, तब ममता दीदी ने दुर्गा पूजा पर रोक लगा दी थी। तब कलकत्ता हाईकोर्ट ने कहा था कि जब यूपी में दुर्गा पूजा हो सकती है, तो बंगाल में क्यों नहीं? हमने यूपी में कहा था कि पहले दुर्गा पूजा फिर कुछ और आयोजन। वहीं, ममता दीदी का पूरा ध्यान दुर्गा पूजा के बजाय रोजा इफ्तार पार्टी कराने में लगा रहता है।