मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों का अनावरण किया तथा माँ दुर्गा को मत्था टेका

Share:

डॉक्टर अजय ओझा।

रांची, 1 अक्टूबर । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज दीपाटोली रांची स्थित श्री श्री बांधगाड़ी दुर्गा पूजा पंडाल एवं लालपुर स्थित हरिमती मंदिर दुर्गा पूजा पंडाल का विधिवत अनावरण किया तथा मां दुर्गा के दरबार में मत्था टेका। दीपाटोली स्थित श्री श्री बांधगाड़ी दुर्गा पूजा समिति के प्रांगण में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछले 2 वर्षों के लम्बे समय के बाद इस वर्ष भव्य रुप से दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है।

इस बार दशहरा में फिर वही उत्साह और उमंग दिख रहा है, जो पहले दिखा करता था। मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा से प्रार्थना किया कि वर्षों से चली आ रही परंपरा कभी टूटे नहीं।

परंपराएं अनवरत चलती रहे। माता रानी सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार मां दुर्गा की कृपा से हम सभी लोग भव्य पंडाल और माता रानी की मनमोहक प्रतिमाओं का दर्शन कर रहे हैं। यह हम सबों के लिए बड़ी सौभाग्य की बात है।

कई विभिन्न पूजा पंडालों में प्राकृतिक संसाधनों की सजावटें देखने को मिल रही है, ये सजावटें दर्शाती हैं कि प्राकृतिक के आंचल में वे सभी चीजें मौजूद हैं जिसका सपना हम सभी लोग देखते हैं। मुख्यमंत्री ने माता रानी से समस्त झारखंड वासियों की सुख-समृद्धि, उन्नति तथा खुशहाली की कामना की।

मौके पर लालपुर स्थित हरिमती मंदिर दुर्गा पूजा पंडाल में समिति के अध्यक्ष श्री सुप्रियो भट्टाचार्य एवं दीपाटोली स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में समिति के अध्यक्ष श्री रमेश गोप सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित थे।


Share: