मध्य प्रदेश न्यूज़ : पहले चुनाव में भाजपा के दिखे दो स्टार प्रचारक

Share:

देवदत्त दुबे।

किसी भी चुनाव में आमतौर पर भाजपा के एक ही स्टार प्रचारक होते थे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान। निकाय चुनाव में पहली बार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी स्टार प्रचारक के तौर पर काम करते नजर आए। मुख्यमंत्री चौहान ने जिस तरह प्रदेश भर का दौरा कर प्रचार अभियान में हिस्सा लिया, लगभग इसी भूमिका में वीडी शर्मा भी दिखाई पड़े। शिवराज ने रैलियां की, सभाएं लीं और उनके सामने दूसरे दलों के लोग भाजपा में शामिल हुए, वीडी शर्मा की मौजूदगी में भी यह सब हुआ। मजेदार बात यह है कि वीडी शर्मा को प्रचार अभियान के दौरान ही कोरोना हो गया लेकिन तीन दिन बाद ही फिट होकर वे दौड़ने लगे।

वीडी से पहले भाजपा के कई प्रदेश अध्यक्ष रहे, लेकिन स्टार प्रचारक की भूमिका में कोई नजर नहीं आया। उनका काम संगठन को संभालना होता था। लोकसभा एवं विधानसभा के चुनाव में हर राजनीतिक दल स्टार प्रचारकों की सूची जारी करता है। इनमें से कोई पूरे प्रदेश का दौरा नहीं करता। स्टार प्रचारक को उपयोगिता के आधार बुलाया और भेजा जाता है। मुख्यमंत्री चौहान ही ऐसे रहे हैं जो पूरे प्रदेश को मथते रहे हैं, पहली बार वीडी शर्मा उनका साथ देते नजर आए। अलबत्ता, कम मतदान ने सभी को निराश किया।


Share: