असमिया लेखिका राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार, मामला दर्ज

Share:

मंगलवार को गुवाहाटी में एक कथित फेसबुक पोस्ट लिखने के बाद असमिया लेखिका को गिरफ्तार कर लिया गया। लेखिका का नाम शिखा शर्मा है। उनके खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। शिखा शर्मा ने फेसबुक पोस्ट में छत्तीसगढ़ के नक्सली हमले में शहीद हुए २२ जवानों पर टिप्पणी की थी, इसके आधार पर उन पर राजद्रोह का मामाला दर्ज किया गया।
लेखिका शिखा शर्मा सोशल मीडिया पर बहुत सक्रिय हैं। सोमवार को उन्होंने एक कथित फेसबुक पोस्ट में लिखा कि ड्यूटी के दौरान काम करते हुए मरने वाले वेतनभोगी पेशेवरों को शहीद का दर्जा नहीं दिया जा सकता। उनका इशारा छत्तीसगढ़ में शहीद २२ जवानों की तरफ था। आगे उन्होंने लिखा कि बिजली विभाग में काम करने वाले की ड्यूटी के दौरान बिजली के झटके से मौत हो जाती है तो उन्हें शहीद का दर्जा मिलना चाहिए। उन्होंने मीडिया को आगाह किया और लिखा कि लोगों की भावनाओं से न खेलें। उनकी यह कथित पोस्ट किसी को पसंद नहीं आई। लेखिका के खिलाफ गुवाहाटी हाईकोर्ट के दो जज उमी देका बरूआ एवं कंकना गोस्वामी ने दिसपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की।
दिसपुर पुलिस स्टेशन अधिकारी के अनुसार शिकायत दर्ज कर ली गई है और इसी आधार पर उनकी गिरफ्तारी हुई। फेसबुक पोस्ट के मुताबिक शिखा शर्मा आॅल इंडिया रेडियो डिब्रूगढ़ की कलाकार हैं। सुर्खियों में रहने की उनकी आदत के चलते पिछली अक्तूबर में शिखा शर्मा को बलात्कार की धमकियां मिली थी क्योंकि उन्होंने सरकार के खिलाफ बोला था। शिखा के खिलाफ आईपीसी की धारा १२४ ए राजद्रोह के आधार पर शिकायत दर्ज की गई है। गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर मुन्ना प्रसाद के अनुसार आज शिखा को कोर्ट में पेश किया जाएगा।


Share: