अर्जुन सिंह सहित अन्य दो भाजपा नेताओं को भवानीपुर क्षेत्र का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया

Share:

कोलकाता । आगामी 30 सितंबर को तीन सीटों पर होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल भाजपा ने अर्जुन सिंह सहित अन्य दो भाजपा नेताओं को भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भवानीपुर क्षेत्र से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ किसे उम्मीदवार बनाया जाएगा इसके लिए अभी तक नाम तय नहीं किए गए हैं। हालांकि भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में आठ वार्डों पर तीन पर्यवेक्षकों को नजर रखने के लिए नियुक्त किया गया है। जिनके नाम हैं – अर्जुन सिंह एवं ज्योतिर्मय सिंह महतो है। इसके अलावा राज्य के सह सचिव संजय सिंह को भी पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त किया गया है।

भाजपा द्वारा पर्यवेक्षक नियुक्त करने को लेकर तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अर्जुन सिंह बहुत शांत स्वभाव के हैं यह सभी जानते हैं। इतने शांत व्यक्ति भवानीपुर में क्या करेंगे? यह देखने लायक होगा। कुणाल घोष ने कहा कि पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण रूप से मतदान हुआ है इसलिए भाजपा का कहीं अता-पता नहीं है। हालांकि कुछ जगहों पर भाजपा ने कब्जा किया है। इस बार भवानीपुर में उप चुनाव के क्या परिणाम आएंगे यह समय बताएगा।


Share: