अमेठी: आग लगने से जलकर राख हुई गृहस्थी, बुरी तरह झुलसी महिला
अमेठी, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी में मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के सरैया तालुके दादरा में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। आग में राशन से लेकर कपड़ा आदि सामग्री जलकर राख हो गई।
आग की चपेट में आने से एक महिला बुरी तरह से झुलस गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालत नाजुक होते देख उसे लखनऊ रेफर किया गया है।
पीड़ित जगन्नाथ मिश्र ने बताया कि अज्ञात कारण से रविवार तड़के आग लग गई। जिसमें राम लौट मिश्रा की बहू गम्भीर रूप से झुलस गई और घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। महिला को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया है। लेखपाल और कानूनगो के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच कर लिखा-पढ़ी किया है।
राजस्व निरीक्षक अमरनाथ पांडेय ने बताया राम लौट मिश्रा के घर पर अग्नि कांड की घटना हुई थी। इनका काफी नुकसान हो गया है। एक महिला भी गम्भीर रूप से झुलस गई है, जिसको लखनऊ में इलाज चल रहा है। कोटेदार को बुलाकर ततकाल राशन आदि उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है।