यूथ गेम्स: अकादमी के खिलाडिय़ों ने एक स्वर्ण सहित मप्र को दिलाये चार पदक

Share:


कुश्ती में एक स्वर्ण, शूटिंग में एक रजत व एक कांस्य और तैराकी में मिला एक कांस्य पदक

भोपाल, 18 जनवरी (हि.स.)। असम के गुवाहाटी शहर में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शनिवार को मप्र राज्य अकादमी के खिलाडिय़ों ने एक स्वर्ण सहित मध्यप्रदेश को कुल चार पदक दिलाए। इनमें कुश्ती में एक स्वर्ण, शूटिंग में एक रजत और एक कांस्य तथा तैराकी में एक कांस्य पदक हासिल किया गया।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शनिवार को खेले गए मुकाबलों में मप्र कुश्ती अकादमी की खिलाड़ी पूजा जाट ने बालिका अंडर-21 की 53 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में एक स्वर्ण पदक मध्यप्रदेश को दिलाया। शूटिंग में ट्रेप अंडर-21 बालिका व्यक्तिगत स्पर्धा में शूटिंग अकादमी की खिलाड़ी नीरू ने रजत तथा प्रीति रजक ने कांस्य पदक मध्यप्रदेश को दिलाया। इसी तरह तैराकी में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी नानक मूलचंदानी ने 100 मीटर बैक स्ट्रोक इवेन्ट में एक मिनट 02.06 सेकंट का समय लेकर कांस्य पदक अर्जित किया। तैराकी में मध्य प्रदेश को यह दूसरा पदक मिला है। इससे पहले तैराकी की बालक अंडर-21 व्यक्तिगत स्पर्धा में वरुण पटेल ने 100 मीटर बे्रस्ट स्ट्रोक में एक मिनट 08.51 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक अर्जित किया।

इन पदकों को मिलाकर प्रदेश के खिलाडिय़ों ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अब तक 12 स्वर्ण, 10 रजत और 14 कांस्य सहित कुल 36 पदक हासिल किये हैं। इन पदकों के साथ मध्यप्रदेश पदक तालिका में आठवें स्थान पर  है। खेल संचालक डॉ. एसएल थाउसेन ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में प्रदेश के खिलाडिय़ों के प्रदर्शन की सराहना की है और सभी पदक विजेता खिलाडिय़ों को बधाई दी है। वे गुवाहाटी में खिलाडिय़ों के बीच मौजूद रहकर उनकी हौसला अफजाई कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर


Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *