दशकों की समस्या बोड़ो समझौते से सुलझ जाएगी : प्रधानमंत्री मोदी

Share:

गुवाहाटी, 06 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि ऐतिहासिक बोड़ोलैंड शांति समझौते से बोड़ोलैंड समेत पूरे असम में स्थायी शांति बहाल होगी। इसके जरिए ऊर्जावान युवक देश की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। यह बात प्रधानमंत्री ने गुरुवार को अपने असम दौरे की पूर्व संध्या पर एक ट्वीट संदेश के जरिए कही। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को वे असम के कोकराझार में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचेंगे। यह समझौता कई दशकों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान लेकर आया है। इससे पूरे क्षेत्र में शांति और प्रगति की नई रोशनी फूटेगी।

शुक्रवार को बोड़ो शांति समझौते के मद्देनजर कोकराझार में विजय उत्सव आयोजित किया जा रहा है। जिसमें भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री पहुंच रहे हैं। इस कार्यक्रम के मद्देनजर पूरे बीटीएडी क्षेत्र में जश्न का माहौल है।

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर व्यापक पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। बीते कई दिनों से कोकराझार में विजय उत्सव की तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के साथ ही राज्य सरकार के वित्त आदि मामलों के मंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा समेत कई आला अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की। गुरुवार को आयोजन स्थल पर सुरक्षा बलों की तैनाती का अभ्यास किया गया। वहीं इस मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी पूर्वाभ्यास किया गया। मंच समेत प्रमुख स्थल की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी ने पहले ही अपने हाथों में ले रखी है।

जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए करीब पांच लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। इस भारी भीड़ की संभावित उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कोकराझार शहर को प्रधानमंत्री की अगवानी के लिए दुल्हन की तरह सजाया गया है। इस दौरान पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है। लोगों के उत्साह को देखते हुए प्रधानमंत्री लगातार अपने आगमन को लेकर तथा बोड़ो शांति समझौते को लेकर ट्वीट कर अपना संदेश दे रहे हैं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए असम सरकार व्यापक पैमाने पर तैयारियों को अमलीजामा पहनाने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीप्रकाश


Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *