पद्म पुरस्कारों की घोषणा : सुषमा स्वराज, अरुण जेटली सहित सात को पद्म विभूषण 

Share:

– पर्रिकर और पीवी सिंधु समेत 16 हस्तियों को पद्म भूषण

नई दिल्ली, 25 जनवरी (हि.स.)। सरकार ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण, पद्म भूषम और पद्मश्री की शनिवार देर शाम घोषणा कर दी है। इस बार दिवंगत नेता सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, जॉर्ज फर्नांडिस को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत नेता मनोहर पर्रिकर को पद्म भूषण दिया जाएगा।

पद्म पुरस्कारों में इस बार सात लोगों को पद्म विभूषण देने की घोषणा हुई है, जिनमें से चार को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जा रहा है। वहीं 16 लोगों को पद्मभूषण दिया जाएगा जिनमें से तीन को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। वहीं 118 हस्तियों को पद्मश्री दिया जाना है, जिनमें पांच को मरणोंपरांत यह सम्मान मिलेगा। आठ लोगों को संयुक्त तौर पर इससे सम्मानित किया गया है। कुल 141 लोगों को इस बार पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से दिवंगत नेता अरुण जेटली, सुषमा स्वराज और जॉर्ज फर्नांडिस को सम्मानित किया जाएगा। तीनों नेता केन्द्रीय मंत्री रह चुके हैं। अरुण जेटली पिछली राजग सरकार में वित्तमंत्री और सुषमा स्वराज विदेश मंत्री रहीं हैं। इनके अलावा कर्नाटक के पेजावर मठ के विश्वेशा तीर्थ स्वामी विश्वेश्वरतीर्थ को भी मरणोपरांत पद्मविभूषण दिया जाएगा। इनके अलावा मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ, ठुमरी के लब्धप्रतिष्ठ गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र, मुक्केबाज एमसी मेरीकॉम को भी पद्मविभूषण से नवाजा जाएगा।

देश के तीसरे सबसे बड़े सम्मान पद्मभूषण से बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर और उद्योगपति आनंद महिंद्रा को सम्मानित किया जाएगा। इनके अलावा अध्यात्मवाद में केरल से एम. मुमताज़ अली, बांग्लादेश में सामाजिक कार्य करने वाले सैयद मुअज़्ज़िम अली (मरणोपरांत), जम्मू और कश्मीर से मुजफ्फर हुसैन, पश्चिम बंगाल से कला क्षेत्र में अजय चक्रवर्ती, साहित्य एवं शिक्षा क्षेत्र में पुडुचेरी से मनोज दास, वास्तुकला में गुजरात से बालकृष्ण दोशी, सामाजिक कार्यों के लिए तमिलनाडु से कृष्णमल जगन्नाथन, नगालैंड में सामाजिक कार्य करने वाले एससी जमीर, सामाजिक कार्य में उत्तराखंड से अनिल प्रकाश जोशी, मेडिसिन क्षेत्र में लद्दाख से डॉ टर्सिंग लैंडोल, सार्वजनिक कार्यों के लिए केरल से नीलकांत रामकृष्ण माधव मेनन (मरणोपरांत), साहित्य एवं शिक्षा  में यूएसए के प्रो. जगदीश सेठ, व्यापार और उद्योग में तमिलनाडु से वेणु श्रीनिवासन का नाम है।

पद्मश्री में इस बार लंगर बाबा के नाम से प्रसिद्ध जगदीश लाल आहूजा, कश्मीर में दिव्यांग लोगों के लिए काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता जावेद अहमद ताक, अकंल मूसा के नाम से प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सत्यनारायण मुन्डायूर, लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार करने वाले मोहम्मद शारीफ और 1984 भोपाल गैस त्रासदी के कार्यकर्ता अब्दुल जब्बार को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जाएगा। इनके अलावा पद्मश्री सम्‍मान पाने वाली हस्तियों में बॉलीवुड एक्‍ट्रेस कंगना रनौत, पाकिस्‍तान से आकर भारत की नागरिकता पाए सिंगर अदनान सामी, डायरेक्‍टर करण जौहर और एकता कपूर शामिल हैं।

इनके अलावा पद्मश्री पाने वालों में मोहम्मद शरीफ, तुलसी गोडा, अब्दुल जब्बार, उषा चौमार, पोपटराव पवार, हरेकाला हजब्बा, अरुणोदय मंडल, राधामोहन और साबरमती, कुशल कोनवार शर्मा, त्रिनिती सावो, रविकन्नन, एस रामकृष्णन, सुंदरम वर्मा, मुन्ना मास्टर, योगी आर्यन, राहीबाई सोमा पोपेरा, हिम्मत राम भांभू, मोझ्झिकल पंकजाक्षी के नाम शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अनूप


Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *