कोरोना वायरस ने अमेरिकी वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ाई
चीन में 811 लोगों की मौत, 37 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित, 72 देशों ने यातायात पर प्रतिबंध लगायालॉस एंजेल्स, 09 फरवरी (हि.स.)। चीन में महामारी का रूप ले चुके कोरोना वायरस ने अमेरिकी वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ा दी है। वह यह समझ नहीं पा रहे कि इस वायरस का प्रकोप कितना लंबा खिंचेगा। उन्हें यह भी चिंता है कि यह विश्व के दो दर्जन से अधिक देशों में फैल चुका है और इसके नियंत्रण के लिए अभी तक कोई एंटी वायरस और असरदार मेडिसन का विकास नहीं हो पाया है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार कोरोना वायरस की वजह से 72 देशों ने यातायात पर बंदिशें लगा दी हैं। चीन हेल्थ कमीशन के रविवार को जारी बुलेटिन में कोरोना वायरस से 811 लोगों के मरने की जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि संक्रमित लोगों की संखा 37 हजार से ज्यादा है। सन 2002-2003 में सार्स वायरस से 774 लोग मरे थे। सार्स दो दर्जन देशों में फैल गया था।
डॉक्टर मार्क सीगल ने फाक्स न्यूज से कहा है कि अमेरिकी नागरिकों को कोरोना वायरस से भयभीत होने की जरूरत नहीं है। मगर इससे दुनिया में मुश्किल बढ़ सकती है। अमेरिका में मात्र बारह लोग संक्रमित हैं। उन्होंने अफसोस जताया की चीन ने इस वायरस के बारे में पारदर्शिता लाने के बजाय वस्तुस्थिति पर पर्दा डालने की कोशिश की।
हिन्दुस्थान समाचार/मुकुंद